home page

अनूपपुर: मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना का उद्देश्य आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना-विधायक बिसाहूलाल सिंह

 | 
अनूपपुर: मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना का उद्देश्य आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना-विधायक बिसाहूलाल सिंह


अनूपपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना का उद्देश्य आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। मध्य प्रदेश सरकार विशेष पिछड़ी जनजाति के अंतर्गत चिन्हित जनजातियों के उत्थान एवं स्वरोजगार के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं के माध्यम से समुदाय के आर्थिक एवं सामाजिक स्तर में सुधार लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय विशेष पिछड़ी जनजाति योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को भैंस का वितरण किया जा रहा है।

उक्त बातें शनिवार को क्षेत्रीय विधायक अनूपपुर बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर जिले के ग्राम हर्री में आयोजित भैंस इकाई वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि दुधारू पशु प्राप्त होने से बैगा जनजाति के लोगों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और समाज की मुख्यधारा में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने सभी हितग्राहियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक द्वारा मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के अंतर्गत बैगा जनजाति के 10 पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें रेवालाल, कुमारी संध्या, रामप्यारे, दीनदयाल, मोहनलाल, रामकिशोर, सुखेंद्र कुमार, श्री झूला, सीता एवं रानी शामिल हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह, उपाध्यक्ष पार्वती राठौर, अनिल गुप्ता, उप संचालक पशु पालन डॉ बी व्ही चौधरी, डॉ दीक्षित, डॉ पूजा महोबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला