home page

युवाओं, किसानों और बहनों का है बजट : वन मंत्री चौहान

 | 

भोपाल, 3 जुलाई (हि.स.)। वन एवं पर्यावरण मंत्री नागर सिंह चौहान ने बुधवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को युवाओं, किसानों, बहनों और उद्योग के कल्याण का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में राज्य की अर्थ-व्यवस्था बहुत तेजी से गतिशील हुई है। सभी क्षेत्रों में सुधार साफ दिख रहा है।

वन मंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछले कुछ सालों में अधोसंरचना विकास की गति बहुत ज्यादा बढ़ी है। इसका सकारात्मक अर्थ-व्यवस्था पर दिख रहा है। महिलाओं को अधिकार सम्पन्न बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि वन, पर्यावरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किये गये हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के बजट प्रावधान पर हार्दिक बधाई दी।

जन-हितैषी एवं प्रदेश के विकास को गति देने वाला बजट : वन राज्य मंत्री अहिरवार

वन, पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप सिंह अहिरवार ने प्रदेश के बजट को जन-हितैषी एवं विकास को गति देने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि बजट में सभी वर्गों का समावेश किया गया है। विशेष कर अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग पर फोकस किया गया है, जो प्रदेश के विकास में सहायक होगा। अहिरवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नये पंख लगेंगे। उन्होंने विकास उन्मुखी बजट के लिये उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा