home page

अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र का संदेश, ‘परिवार बचाओ, रिश्ते मजबूत बनाओ’

 | 
अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस पर ब्रह्माकुमारी सेवाकेंद्र का संदेश, ‘परिवार बचाओ, रिश्ते मजबूत बनाओ’


राजगढ़, 15 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवाकेंद्र में अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बदलती जीवनशैली, मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण कमजोर हो रहे पारिवारिक रिश्तों पर चिंता जताते हुए परिवारों को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

नगर की शहीद कॉलोनी स्थित सेवाकेंद्र में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि परिवारों को जोड़ने के लिए आध्यात्मिकता, प्रेम, विश्वास और निस्वार्थ सेवा की भावना आवश्यक है। सेवाकेंद्र की संचालिका लक्ष्मी दीदी ने कहा कि आज परिवारों के टूटने की सबसे बड़ी वजह आपसी संवाद की कमी और तकनीक पर बढ़ती निर्भरता है।

उन्होंने कहा कि बच्चे से लेकर अभिभावक तक मोबाइल और सोशल मीडिया में व्यस्त हो गए हैं, जिससे परिवारों में भावनात्मक दूरी बढ़ रही है। परिवार केवल रक्त संबंध नहीं, बल्कि संस्कार, सहयोग और आपसी समझ का संगम है। उन्होंने भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरी दुनिया को एक परिवार मानने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में संयुक्त परिवार की परंपरा, बच्चों को संस्कारित वातावरण देने तथा माता-पिता द्वारा बच्चों को पर्याप्त समय देने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई। समापन अवसर पर उपस्थित लोगों का तिलक, पुष्प, मुकुट और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक