home page

अनूपपुर: भोलगढ़ गांव में घुसे दोनों हाथी, ग्रामीण दहशत में

 | 
अनूपपुर: भोलगढ़ गांव में घुसे दोनों हाथी, ग्रामीण दहशत में


अनूपपुर: भोलगढ़ गांव में घुसे दोनों हाथी, ग्रामीण दहशत में


अनूपपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर स्थित भोलगढ़ गांव में रविवार शाम दो हाथी घुस आए। कुरियारी जंगल में दिन बिताने के बाद हाथियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पार किया और सीधे गांव की सीमा में प्रवेश कर गए, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। वहीं इससे वन अमला अलर्ट हो गया हैं।

वन परिक्षेत्राधिकारी स्वर्ण गौरव सिंह ने बताया कि रविवार को दोनों हाथियों की आवाजाही कुरियारी जंगल के पास दर्ज की गई थी। दिनभर सुरक्षित इलाके में रहने के बाद, शाम ढलते ही हाथियों ने मुख्य मार्ग पार कर आबादी वाले भोलगढ़ क्षेत्र का रुख किया। वर्तमान में हाथियों का यह समूह गांव के आसपास ही विचरण कर रहा है। इससे खेतों में खड़ी फसलों और रहवासी मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

हाथियों के एनएच पार कर गांव में घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। वन अमले का गश्ती दल लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए है और उन्हें सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहा है।

वन विभाग की टीम ने मुनादी कराकर भोलगढ़ और आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगलों और हाथियों के विचरण वाले इलाकों की ओर न जाएं। रात के समय सतर्क रहें, अपने घरों के बाहर रोशनी रखें और हाथियों को देखने पर उन्हें छेड़ने या उनके करीब जाकर सेल्फी लेने से बचें।

हाथियों के कॉरिडोर का हिस्सा है अनूपपुर

अनूपपुर जिला और छत्तीसगढ़ सीमा से लगे वन परिक्षेत्र (जैसे जैतहरी, कोतमा और राजेंद्रग्राम) लंबे समय से हाथियों के कॉरिडोर का हिस्सा रहे हैं। पूर्व में भी छत्तीसगढ़ के जंगलों से भटककर हाथियों के झुंड अनूपपुर के सीमावर्ती इलाकों में प्रवेश करते रहे हैं, जहां उन्होंने फसलों को रौंदने के साथ-साथ कई घरों को क्षतिग्रस्त किया है। जिला मुख्यालय के इतने करीब हाथियों की मौजूदगी ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला