home page

जबलपुर में 400 से ज्यादा पटाखा दुकानें, लाइसेंस सिर्फ 260; नकली ग्रीन पटाखों की बिक्री का आरोप

 | 
जबलपुर में 400 से ज्यादा पटाखा दुकानें, लाइसेंस सिर्फ 260; नकली ग्रीन पटाखों की बिक्री का आरोप


जबलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में दीपावली पर पटाखा बिक्री में नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। बुधवार को नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच ने शहर में बिना लाइसेंस 400 से अधिक स्थानों पर पटाखा दुकानें संचालित होने और कथित नकली ग्रीन पटाखों की बिक्री की शिकायत जिला प्रशासन से की है।

मंच के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. पीजी नाजपांडे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा से मुलाकात कर बताया कि प्रशासन ने 2 नवंबर तक केवल 260 व्यापारियों को लाइसेंस जारी किए हैं, जबकि शहर में 400 से अधिक स्थानों पर पटाखे बेचे जा रहे हैं।

शिकायत में सीलबंद बॉक्स, क्यूआर कोड और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के साथ प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री की आशंका भी जताई गई। मंच ने पटाखों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और प्रमाणिकता की जांच कराने की मांग की।

कलेक्टर ने औचक निरीक्षण और कार्रवाई के निर्देश देते हुए बताया कि नियमों के उल्लंघन पर छह लोगों के खिलाफ पहले ही कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक