home page

शहडोल: लापता महिला का जलाशय में मिला, शव ग्रामीणों ने 7 घंटे बाद बाहर निकाला

 | 
शहडोल: लापता महिला का जलाशय में मिला, शव ग्रामीणों ने 7 घंटे बाद बाहर निकाला


शहडोल, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की ब्यौहारी तहसील के सलैहा गांव में बिज्जू सिंह (पति शिवनारायण सिंह) की चरखरी जलाशय में डूबने से मौत हो गई। वह शनिवार सुबह करीब 8 बजे से लापता थीं। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों के अनुसार, बिज्जू सिंह सुबह घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक घर न पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने बताया कि महिला को चरखरी जलाशय की तरफ जाते देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी स्टेट कंट्रोल कमांड भोपाल को दी।

जानकारी मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जलाशय में महिला की तलाश शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए ब्यौहारी एसडीएम अर्चना मिश्रा ने एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने मिलकर जलाशय में तलाशी अभियान चलाया।

कई घंटे की तलाश के बाद शाम करीब 3 बजे ग्रामीणों की मदद से बिज्जू सिंह का शव जलाशय से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बिज्जू सिंह की मौत पानी में डूबने से हुई है। हालांकि, वह जलाशय तक क्यों गईं और किन हालात में पानी में डूबीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला