अनूपपुर: तालाब में मिला तीन दिन से लापता अधेड़ का शव, डूबने से मौत की आशंका
अनूपपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहार के गूझी गांव में तीन दिन से लापता एक अधेड़ का शव गुरुवार को तालाब में मिला। सूचना मिलने पर जैतहरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बैहार निवासी 46 वर्षीय चंदू बैगा पुत्र बैसाखू बैगा 17 अगस्त से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार दोपहर ग्रामीणों ने गूझी गांव के तालाब में उसका शव पानी के अंदर देखा, जिसके बाद तत्काल जैतहरी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जैतहरी अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
ग्राम पंचायत के सरपंच सम्भर बैगा ने बताया कि चंदू बैगा पड़ोसी गूझी गांव स्थित अपने खेत की ओर गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने दो दिनों तक उसकी तलाश की। तालाब में शव मिलने के बाद प्रारंभिक तौर पर डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

