अनूपपुर: पेड़ के पास मिला बुजुर्ग महिला का शव, परिजनों की तलाश कर रही पुलिस
अनूपपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 के नावाडीह मोहल्ले में बिजुरी-मनेंद्रगढ़ रेल मार्ग के पास एक पेड़ के नजदीक रविवार को 55 वर्षीय अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन महिला की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव का पंचनामा बनाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिजुरी भेजा गया।
थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि स्थानीय लोग भी महिला को पहचान नहीं पाए हैं। महिला के पास मिले कचरे के आधार पर उनके भिक्षुक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह इलाके में घूमती रहती थीं। पुलिस के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ भी हो सकती थीं।
पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद परिजनों की पहचान होने तक शव को मुर्दाघर में सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस स्थानीय स्तर पर पूछताछ के साथ सोशल मीडिया के जरिए भी महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

