home page

भोपाल के वीआईपी रोड पर बड़े तालाब में युवक का शव मिला, पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी

 | 
भोपाल के वीआईपी रोड पर बड़े तालाब में युवक का शव मिला, पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी


जेब से मोबाइल और वाहन की चाबी बरामद, तालाब में कूदने की आशंका

भोपाल, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के वीआईपी रोड स्थित बड़े तालाब में रविवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोपहर करीब 3 बजे राहगीरों ने शव को पानी में तैरता देखा और इसकी सूचना तलैया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

गोताखोर शेख आसिफ ने बताया कि शव को पानी से बाहर निकालने के बाद उसकी तलाशी ली गई। युवक की जींस की जेब से एक मोबाइल फोन और वाहन की चाबी बरामद हुई। मोबाइल लंबे समय तक पानी में रहने के कारण खराब हो चुका है। मृतक के पैरों में चप्पल नहीं थी। इसी आधार पर प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उसने तालाब में छलांग लगाई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।

करीब 24 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा शव

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। उसने हल्के नीले रंग की जींस और क्रीम रंग की धारीदार शर्ट पहन रखी थी। प्रारंभिक जांच में शव करीब 24 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक तालाब तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। तलैया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल और वाहन की चाबी के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे