home page

भोपाल में रेलवे ट्रैक पर मिला लापता वकील का शव, आखिरी बार दोस्त के साथ दिखे

 | 
भोपाल में रेलवे ट्रैक पर मिला लापता वकील का शव, आखिरी बार दोस्त के साथ दिखे


भोपाल, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पांच दिन से लापता एक अधिवक्ता का शव शनिवार सुबह भोपाल रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक 5 अक्टूबर की रात घर से निकले थे, जिसके बाद उनका पता नहीं चल सका था। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। अब रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के बाद जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस के मुताबिक, विशाल रमणानी (29) पुत्र जय किशन रमणानी ईरानी मार्केट स्थित मकान नंबर 11 में रहते थे। वह भोपाल जिला न्यायालय में अधिवक्ता थे। उनकी बहन गरिमा रमणानी भी वकील हैं। विशाल के लापता होने के बाद बहन ने हनुमानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। परिजनों के मुताबिक, 5 अक्टूबर को विशाल शाम करीब 6 से 7 बजे घर आए थे। रात करीब 10:30 बजे उनकी बहन गरिमा घर लौटीं, तब विशाल बाहर घूमने के लिए निकल गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं आए। परिजनों के अनुसार, रात करीब 11 बजे विशाल को उनके दोस्त राजू सरदार के साथ कॉलोनी में घूमते हुए देखा गया था। रात करीब 12 बजे जब उन्हें फोन किया गया तो मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

एक्टिवा की डिक्की में मिला था मोबाइल

विशाल की तलाश के दौरान उनका मोबाइल घर के पास खड़ी एक्टिवा की डिक्की में मिला था। मोबाइल मिलने के बावजूद विशाल का पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

रेलवे ट्रैक पर मिला शव, जांच में जुटी जीआरपी

शनिवार सुबह भोपाल रेलवे स्टेशन के करीब रेलवे ट्रैक पर विशाल का शव मिलने की जानकारी सामने आई। शव की पहचान विशाल रमणानी के रूप में होने के बाद जीआरपी ने मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विशाल रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है। मौत का कारण और अन्य परिस्थितियां जांच तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर स्पष्ट हो सकेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे