home page

अंगदान के लिए जबलपुर पुलिस ने बनाए 2 ग्रीन कॉरिडोर, कई मरीजों को मिलेगी नई जिंदगी

 | 
अंगदान के लिए जबलपुर पुलिस ने बनाए 2 ग्रीन कॉरिडोर, कई मरीजों को मिलेगी नई जिंदगी


जबलपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटना में घायल 40 वर्षीय नरेंद्र कुमार रजक की ब्रेन स्टेम डेथ के बाद परिजनों ने अंगदान का निर्णय लेकर मानवता की मिसाल पेश की। एचसीएल कंपनी में कार्यरत नरेंद्र निवासी धनवंतरी नगर के अंगदान से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद है।

अंगों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जबलपुर पुलिस ने सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक दो ग्रीन कॉरिडोर बनाए। एसपी सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल से डुमना एयरपोर्ट तक 16-17 किमी और मेडिकल कॉलेज तक करीब 8 किमी का ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।

नरेंद्र का हृदय और लिवर एयर एम्बुलेंस से अहमदाबाद भेजे गए। अंगों को रात 3:50 बजे अस्पताल से रवाना कर सुबह 4:10 बजे एयरपोर्ट पहुंचाया गया। सुबह 4:29 बजे एयर एम्बुलेंस ने उड़ान भरी।

दोनों किडनियों का प्रत्यारोपण जबलपुर में किया जाएगा। एक किडनी मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल और दूसरी नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में प्रत्यारोपित की जाएगी। मेडिकल कॉलेज के लिए ग्रीन कॉरिडोर के जरिए किडनी सुबह 4:48 बजे पहुंचाई गई।

अंगों के परिवहन के दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए सुरक्षित और त्वरित आवागमन सुनिश्चित किया। जबलपुर पुलिस ने परिजनों के इस प्रेरणादायी निर्णय को नमन करते हुए नागरिकों से अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक