home page

बीएमसी से 20 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत; सीसीटीवी कैमरे मिले बंद

 | 
बीएमसी से 20 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत; सीसीटीवी कैमरे मिले बंद


सागर, 10 नवंबर (हि.स.)। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) से एक 20 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक की पहचान रायसेन जिले के सिलवानी निवासी अंशुल ठाकुर के रूप में हुई है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने गोपालगंज थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, अस्पताल परिसर के अधिकांश सीसीटीवी कैमरे बंद या खराब मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, अंशुल ठाकुर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती था और उसका इलाज चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वह वार्ड से बाथरूम जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने घटना की सूचना गोपालगंज थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवक की तलाश शुरू कर दी है। इधर, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज दिखाने की मांग की। उनका आरोप है कि अधिकांश कैमरे बंद या खराब मिले, जिससे युवक की गतिविधियों का पता लगाने में परेशानी हो रही है।

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान से मरीज के अचानक लापता होने और सीसीटीवी कैमरों के काम नहीं करने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से युवक की जल्द तलाश कर उसे सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे