home page

बीएमसी में सुपरवाइजर से मारपीट का आरोप, दो कर्मचारियों पर मामला दर्ज

 | 
बीएमसी में सुपरवाइजर से मारपीट का आरोप, दो कर्मचारियों पर मामला दर्ज


सागर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में ड्यूटी के दौरान एक सुपरवाइजर के साथ कथित मारपीट और मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गोपालगंज थाना पुलिस ने दो कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बीएमसी में पदस्थ सुपरवाइजर प्रशांत तिवारी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि कॉलेज के कर्मचारी आमिर खान और ऐफाज खान ने ड्यूटी के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना का वीडियो बनाने का प्रयास करने पर आरोपितों ने उनका मोबाइल फोन छीनकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना के बाद प्रशांत तिवारी ने गोपालगंज थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

शिकायत में प्रशांत तिवारी ने यह भी आरोप लगाया है कि मेडिकल कॉलेज में समुदाय विशेष के कुछ कर्मचारी समूह बनाकर कार्य करते हैं और हिंदू कर्मचारियों को निशाना बनाकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।

पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। धार्मिक आधार पर प्रताड़ना और गुटबाजी संबंधी आरोपों की भी स्वतंत्र रूप से जांच की जाएगी। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे