भाजपा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, चुनाव आयोग तत्काल हस्तक्षेप करे : जीतू पटवारी
भाेपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दतिया विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग से विशेष निगरानी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की।
जीतू पटवारी ने शनिवार काे बयान जारी कर कहा कि राज्यसभा चुनाव से लेकर विजयपुर विधानसभा उपचुनाव और अब दतिया विधानसभा क्षेत्र के हालिया घटनाक्रम तक कई ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जिनसे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े होते हैं। उनका दावा है कि इन घटनाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को आघात पहुंचा है और जनता के जनादेश का सम्मान प्रभावित हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में एक सीट कांग्रेस से छीनी गई, विजयपुर विधानसभा में न्यायिक प्रक्रिया के बाद हुए घटनाक्रम से चुनाव परिणाम प्रभावित हुए तथा राजेंद्र भारती को योजनाबद्ध तरीके से पद से हटाया गया। साथ ही उन्होंने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन घटनाओं पर देश की जनता की नजर है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है और पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन मिलने का विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदाता लोकतांत्रिक मूल्यों और जनादेश के सम्मान को प्राथमिकता देंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दतिया में पिछले दो दिनों के घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि यदि प्रशासन छोटी-छोटी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं कर पा रहा है, तो निष्पक्ष चुनाव कराने की उसकी क्षमता पर स्वाभाविक रूप से प्रश्न उठते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियां मतदाताओं और राजनीतिक दलों के बीच संदेह की स्थिति पैदा कर सकती हैं।
पटवारी ने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि दतिया उपचुनाव की प्रत्येक गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशासन पूरी तरह निष्पक्ष होकर कार्य करे, ताकि किसी भी प्रकार का दबाव या पक्षपात चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके। उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर चल रहा विवाद उसका आंतरिक मामला है और कांग्रेस उस पर टिप्पणी नहीं करना चाहती। हालांकि, उनका कहना था कि टिकट वितरण के बाद भाजपा कार्यालय के घेराव, सड़क जाम और विरोध-प्रदर्शनों जैसी घटनाओं के बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दी, जिससे उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं।
पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि भाजपा स्वयं को अनुशासित दल बताती है, लेकिन हालिया घटनाक्रम उसके दावों के विपरीत तस्वीर पेश करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के लिए लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी की जा रही है, जिसे जनता देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त चुनाव में विश्वास रखती है। पार्टी की अपेक्षा है कि चुनाव आयोग, प्रशासन और अन्य संवैधानिक संस्थाएं अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए दतिया विधानसभा उपचुनाव को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक गरिमा के साथ संपन्न कराएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

