home page

भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए प्रचार रथ रवाना किए, विकास कार्यों को घर-घर पहुंचाने का दावा

 | 
भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए प्रचार रथ रवाना किए, विकास कार्यों को घर-घर पहुंचाने का दावा


दतिया/भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को दतिया स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय से विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन प्रचार रथों के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा सुशासन से जुड़े कार्यों की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाई जाएगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास के नए चरण में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और जनहित की योजनाओं की जानकारी प्रचार अभियान के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

प्रदेश प्रभारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके पास जनता के सामने रखने के लिए विकास कार्यों का कोई ठोस रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने कहा कि दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास में कांग्रेस सरकार अपेक्षित योगदान नहीं दे सकी, जबकि भाजपा सरकार ने विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है।

डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में नेतृत्व का अवसर परिवार या राजनीतिक विरासत के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ता की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के आधार पर मिलता है। उन्होंने दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका चयन इसी कार्यसंस्कृति का उदाहरण है। वहीं कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद तक सीमित रही है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को मतदाताओं तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और जनसेवा के मुद्दों पर भाजपा का समर्थन करेगी।

दतिया प्रवास के दौरान डॉ. महेंद्र सिंह ने ग्राम सलैया पंवार और ग्राम पठारी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों को भी संबोधित किया। उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय में सरपंचों और पार्षदों की बैठक ली तथा दतिया नगर में जनसंपर्क और सामाजिक संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं दतिया उपचुनाव के सह प्रभारी राहुल कोठारी, संभाग प्रभारी अभय यादव, पूर्व विधायक जीतू जिराती, जिला प्रभारी गजेंद्र सिकरवार, जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे