home page

निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें छात्र: हेमंत खण्डेलवाल

 | 
निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें छात्र: हेमंत खण्डेलवाल


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बाेर्ड परीक्षा परिणाम में उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राओं को दी शुभकामनाएं

भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा दसवीं एवं बारहवीं एवं सीबीएसई के कक्षा दसवीं का परीक्षा परिणाम में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी उत्तीर्ण हुए छात्र-छात्राएं निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। आने वाले समय में भारत का नेतृत्व करने वाले बनें। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी बधाई दी।

उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई है या कम अंक प्राप्त हुए हैं, वे बिल्कुल भी निराश न हों। एमपी बोर्ड की कक्षा दसवीं, बारहवीं की मुख्य परीक्षा में फेल, अनुपस्थित या अंक सुधारने वाले छात्र 7 मई 2026 से होने वाली इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। यह निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने किए हैं। सफलता के शिखर तक पहुंचने का मार्ग निरंतर श्रम से होकर गुजरता है, जिस पर चलकर आपने विजय प्राप्त की है।

भाजपा सरकार लगातार सुधार रही शिक्षा की गुणवत्ता

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार शिक्षा के गुणवत्ता को सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति लागू करके शिक्षा को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने शासकीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर किया है, जिससे हमारे शासकीय स्कूल 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में निजी स्कूलों के परिणामों से आगे निकल रहे हैं।

छात्रों को जीवन में सफलता के अनेक अवसर मिलते हैं

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो छात्र सफल नहीं हो पाए हैं उन्हें हताश होने की जरूरत नहीं है। असफल होने वाले छात्र-छात्राएं स्वयं को कमतर न आंकें, यह परीक्षा मात्र एक पड़ाव है, गंतव्य नहीं। यदि आप पुनः संकल्प और अटूट लगन के साथ उठ खड़े होंगे, तो भविष्य में सफलता का सूर्य निश्चित ही उदय होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार हर छात्र-छात्राओं के जीवन को संवारने के लिए कृत संकल्पित है। छात्रों को जीवन में सफलता के अनेक अवसर मिलते हैं, इसलिए पुनः प्रयास कर अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करें। हेमंत खण्डेलवाल ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे