home page

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री राकेश शुक्ला ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं, बोले- कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता

 | 
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री राकेश शुक्ला ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं, बोले- कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता


भोपाल, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान कराया।

संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं, जनहित से जुड़े मुद्दों और विभागीय कार्यों में आ रही परेशानियों से मंत्री शुक्ला को अवगत कराया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर कई मामलों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। वहीं जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।

मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि जनता से जुड़े हर मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान मंत्री शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों, क्षेत्रीय विकास और जनसंपर्क अभियानों को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने भी अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित कार्रवाई के लिए मंत्री शुक्ला का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे