भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्री प्रहलाद पटेल और राधा सिंह ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
भोपाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और मंत्री राधा सिंह ने मंगलवार को राजधानी भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। मंत्रियों ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान सामने आए जिन प्रकरणों में विभागीय कार्रवाई की आवश्यकता थी, उन्हें शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। मंत्रियों ने समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण तथा उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

