home page

भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा और मिशन है: हेमंत खंडेलवाल

 | 
भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा और मिशन है: हेमंत खंडेलवाल


भोपाल/हरदा, 29 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने रविवार को हरदा स्थित माँ रेवा गार्डन में आयोजित मंडल प्रशिक्षण वर्ग, जिला पदाधिकारी एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। यह कार्यक्रम पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित किया गया।

अपने संबोधन में खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सशक्त विचारधारा और राष्ट्र निर्माण का मिशन है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संगठनात्मक शक्ति और स्पष्ट विचारधारा के कारण ही भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

विचारधारा और संगठन ही भाजपा की पहचान

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वह केवल एक परिवार तक सीमित पार्टी बनकर रह गई है, जबकि भाजपा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को दीनदयाल उपाध्याय और कुशाभाऊ ठाकरे जैसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह दी, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सेवा ही राजनीति का मूल उद्देश्य

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का साधन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के कारण ही पार्टी को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में केवल कुछ ही दल हैं जिनकी स्पष्ट विचारधारा है, और भाजपा उनमें अग्रणी है। इसके विपरीत, विचारधारा के अभाव में अन्य दलों का जनाधार कमजोर हुआ है।

निरंतर प्रशिक्षण से मजबूत होगा संगठन

खण्डेलवाल ने प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर सीखना जरूरी है। प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यप्रणाली, मूल्यों और आंतरिक लोकतंत्र को समझने का अवसर देता है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत बनता है।

“सबका साथ, सबका विकास” ही मूल मंत्र

उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना है। अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं के त्याग और समर्पण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से समय का पालन और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में प्रभुराम चौधरी, कमल पटेल सहित कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे