home page

राजगढ़ः भाजपा एक माह तक चलाएगी सेवा संकल्प अभियान,जनभागीदारी से होंगे सेवा कार्य

 | 
राजगढ़ः भाजपा एक माह तक चलाएगी सेवा संकल्प अभियान,जनभागीदारी से होंगे सेवा कार्य


राजगढ़, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन व राष्ट्रसेवा के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के जरिए प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के संकल्प को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

इस अभियान को लेकर मंगलवार को भाजपा वंदे मातरम कार्यालय में पत्रकार वार्ता हुई।इस दौरान पूर्व प्रोटेम स्पीकर एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां समाज के सामने लाना और विभिन्न वर्गों को सेवा गतिविधियों से जोड़ना है।

शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में परिवार दीप प्रज्वलित कर जनसेवा के प्रति आभार जताएंगे और विकसित भारत-2047 का संकल्प लेंगे। अभियान में ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सुशासन, सेवा, संवाद’ सहित कई कार्यक्रम होंगे। स्कूल-कॉलेजों में विकसित भारत विषय पर चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों व माताओं के कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा।

इस दौरान स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।इस मौके पर सांसद रोडमल नागर, जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, अभियान प्रभारी दिलबर यादव और पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक