अंबेडकर और संविधान के नाम पर जनता को कर रही गुमराहः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
जबलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को जबलपुर में आयोजित सेवा दूत अभियान के प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान के नाम पर जनता को गुमराह कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने अंबेडकर को चुनाव में हरवाया, उसे आज संविधान की रक्षा की बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस से अपने पुराने राजनीतिक फैसलों पर जवाब देने की मांग की। खंडेलवाल ने कहा कि केवल राजनीतिक यात्राएं निकालने से संविधान के प्रति निष्ठा साबित नहीं होती। भाजपा ने बाबा साहब के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने के साथ उनके स्मारकों को भी संरक्षित करने का काम किया है।
शिविर में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक इंदु तिवारी अभिलाष पांडेय, जेडीए अध्यक्ष सन्दीप जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। जबलपुर, सागर, रीवा, छिंदवाड़ा और शहडोल संभागों से पहुंचे कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक अभियानों की रूपरेखा समझाई गई।
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने अभियान के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनता से सीधा संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों और भ्रम का तथ्यों के साथ जवाब देने तथा जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

