उज्जैनः स्थापना दिवस को लेकर भाजपा नगर की कामकाजी बैठक संपन्न
उज्जैन, 04 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा का स्थापना दिवस 6 अप्रेल को है। इस दिन भाजपा नगर जिला द्वारा नगर के सभी मण्डलों ओर बूथों पर स्थापना दिवस को ऐतिहासिक रूपसे मनाया जाएगा। यह बात भाजपा नगराध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कही। वे शनिवार को लोकशक्ति पर आयोजित नगर की कामकाजी बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहाकि हम सब विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के कार्यकर्ता हैं। हम सभी को ऐतिहासिक रूप से हमारी पार्टी का स्थापना दिवस धुमधाम से मनाना हैं। प्रत्येक बूथ स्तर तक पार्टी की रीति-नीति, विचारधारा एवं जनहितकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए 6 अप्रैल से विशेष अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यालय पर प्रात: 9 बजे सभी एकत्रित होंगे। कार्यालय से टॉवर चौक तक रैली के रूप में कार्यकर्ता निकलेंगे। कार्यकर्ता अपने घरों पर ध्वजारोहण करेंगे और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड करें। उन्होने बताया कि 14 अप्रैल को डॉ.अम्बेडकर जयंती भी पार्टी द्वारा प्रत्येक बूथ पर मनाई जाएगी।
मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने बताया कि बैठक में आगामी आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा दायित्वावानों के समक्ष रखी गई। इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत भी किया गया। बैठक के प्रारंभ में अतिथियो ने भारत माता,डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अपने संबोधन में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि हमें अपने पुराने कार्यकर्ताओं से संवाद जारी रखना है। उनसे मिलना है, उन्हें समझना है। उन सभी के संघर्ष से आज पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। निगम सभापति कलावती यादव ने नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता व युवा मोर्चा पदाधिकारियों को बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि हमे पार्टी का स्थापना दिवस त्यौहार के रूप में मनाना है। शासन ने लोगों के लिए कई महत्वकांक्षी योजनाएँ बनाई है। उनकी जानकारी कार्यकर्ता आम लोगो को दे।
बैठक के पश्चात नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता डॉ.सनवर पटेल,रूप पमनानी, राजेंद्र भारती,विवेक गुप्ता,गुलरेज शेख,प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राकेश पंड्या,युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल वर्मा, मंत्री कार्तिक मिश्रा का अतिथियों व कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया। डॉ.सनवर पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन का विकास कर रहे है। हम सब कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं व पार्टी की रीति नीति को जन जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे ।
रूप पमनानी ने भी संबोधित किया। बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रमिला यादवख् प्रदेश महामंत्री जगदीश पांचाल, आनन्दसिंह खींची, कमल बैरवा, कल्याण शिवहरे, मुकेश यादव, जितेन्द्र कृपलानी, अशोक केथवास, शेलू शर्मा,विजय दीक्षित,अनिल शिंदे उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

