अनूपपुर: जमीन में सोते समय सांप के काटने से युवक की इलाज के दौरान मौत
अनूपपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के परसवार गांव में जहरीले करैत सांप के काट लेने से 39 वर्षीय युवक की गुरूवार को जिला चिकित्साएलय में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि लल्लू सिंह बुधवार रात में रोज की तरह अपने घर में जमीन पर सोए हुए थे। गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच अचानक उनकी आंख खुली। उन्हें शरीर में तेज घबराहट महसूस हो रही थी। उन्होंने अपनी पत्नी को जगाया और बताया कि तबीयत कुछ ठीक नहीं लग रही है। इसके बाद वे फ्रेश होने के लिए घर के दरवाजे से बाहर निकले। जैसे ही लल्लू सिंह दरवाजे से बाहर आए, उनकी नजर पास ही गोल घेरा बनाकर बैठे एक बेहद जहरीले करैत सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही वे बुरी तरह डर गए और उनकी घबराहट और ज्यादा बढ़ गई। उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी को आवाज लगाई और हाथ में डंडा लेकर उस करैत सांप को वहीं मार डाला।
सांप को मारने के बाद लल्लू सिंह की हालत और बिगड़ने लगी। उन्होंने पत्नी से कहा कि मुझे तुरंत अस्पताल ले चलो। पत्नी ने बिना वक्त गंवाए पड़ोसियों की मदद ली और उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू कर दिया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद गुरूवार की सुबह 7 बजे लल्लू सिंह ने दम तोड़ दिया।
बता दें कि, करैत सांप का कहर क्षेत्र में लगातार देखने को मिल रहा है। इस घटना से ठीक एक हफ्ते पहले भालूमाड़ा क्षेत्र के भेड़वाटोला गांव में भी एक करैत सांप ने रात में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को डस लिया था। जिसमें 6 वर्ष की मासूम बच्ची माधवी की मौत हो गई थी, जबकि उसकी मां रेखा सिंह और पिता भानु प्रताप सिंह को कई दिनों के इलाज के बाद डॉक्टरों ने बमुश्किल मौत के मुंह से बाहर निकाला था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

