home page

बीना में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ‘ईएमआई पर पेट्रोल’ की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता

 | 
बीना में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ‘ईएमआई पर पेट्रोल’ की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता


बीना, 26 मई (हि.स.)। बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के बीना में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली, बैलगाड़ी और पैदल मार्च निकालकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा ईंधन कीमतों में कमी की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं का अनोखा अंदाज देखने को मिला। कई नेता खुद बैलगाड़ी हांकते हुए सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं का जत्था स्टेशन रोड और सर्वोदय चौराहा से होते हुए अंबेडकर चौराहा स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचा, जहां “ईएमआई पर पेट्रोल दो” लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उनका आरोप था कि महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और अब स्थिति ऐसी बन गई है कि लोगों को ईंधन भी किस्तों में खरीदने की जरूरत महसूस होने लगी है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल पर लगाए जा रहे भारी टैक्स के कारण जनता लगातार आर्थिक दबाव झेल रही है। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार टैक्स में कटौती करे तो आम लोगों को तुरंत राहत मिल सकती है।

अंबेडकर चौराहा पर प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ईंधन की कीमतें कम करने की मांग की।

पीपी नायक के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान अनुराग ठाकुर, पंकज यादव, महेंद्र नवइया और अशोक परिहार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे