राजगढ़ः बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
राजगढ़, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर ग्राम लक्ष्मणपुरा जोड़ स्थित पानी की टंकी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 30 वर्षीय मांगीलाल पुत्र रामसिंह तंवर निवासी बांसखेड़ी, थाना राजगढ़ के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मांगीलाल जयपुर में मजदूरी करता था और एक दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। सोमवार सुबह वह ब्यावरा से फसलों के लिए कीटनाशक दवा खरीदने गया था। लौटते समय लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

