home page

राजगढ़ः तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत साथी गंभीर

 | 
राजगढ़ः तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत साथी गंभीर


राजगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में ग्राम गोघटपुर मार्ग पर घूमघाटी के समीप बुधवार की रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात ग्राम गोघटपुर मार्ग पर घूमघाटी के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 24 वर्षीय कृष्णपालसिंह राजपूत निवासी माचलपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी रोहित राठौर (23) को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झालावाड़ रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले कृष्णपाल सिंह राजपूत अपने पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। उनके पिता माचलपुर के सरकारी अस्पताल में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं और अस्पताल के सामने रहते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक