home page

राजगढ़ः होटल में युवतियों के साथ पकड़े जाने के बाद कांग्रेस का एक्शन, ब्यावरा ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दांगी निष्कासित

 | 
राजगढ़ः होटल में युवतियों के साथ पकड़े जाने के बाद कांग्रेस का एक्शन, ब्यावरा ब्लॉक अध्यक्ष राहुल दांगी निष्कासित


राजगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा ब्लाॅक अध्यक्ष राहुल दांगी के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने गुना जिले के चाचैड़ा स्थित राज पैलेस होटल में युवतियों के साथ पकड़े जाने के मामले में कार्रवाई की है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें ब्लॉक अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है। कार्रवाई 23 अगस्त को जारी पत्र के आधार पर की गई।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले द्वारा जारी पत्र क्रमांक 755/26 में कहा गया कि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के संज्ञान में राहुल दांगी के अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने की जानकारी आई है। पत्र में कहा गया कि इस तरह की मानसिकता रखने वाले व्यक्ति के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं है।

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कार्रवाई पत्र के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर राहुल दांगी को ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद से मुक्त करने के साथ उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई। कार्रवाई के बाद स्थानीय कांग्रेस संगठन में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम पुलिस ने चाचैड़ा के मनोहरथाना रोड स्थित होटल राज पैलेस में दबिश दी थी।

पुलिस के अनुसार होटल के कमरों से तीन युवकों और तीन युवतियों को पकड़ा गया। पुलिस का दावा है कि तीनों जोड़े कमरों में आपत्तिजनक स्थिति में मिले थे। कार्रवाई के बाद युवतियों के परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों द्वारा किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहने की बात कहे जाने के बाद पुलिस ने तीन युवकों राहुल दांगी निवासी ब्यावरा, उमाकांत पुरी निवासी गुना और इंदरसिंह मेहर निवासी बीनागंज को पकड़ा। राहुल ने आरोपों से किया था इनकार मामले में राहुल दांगी ने पुलिस के आरोपों को खारिज किया था। उनका कहना था कि वे कामखेड़ा दर्शन कर लौट रहे थे और चाय पीने के लिए होटल पर रुके थे। इसी दौरान होटल में हंगामा हुआ और पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। कांग्रेस की कार्रवाई के बाद अब ब्यावरा ब्लॉक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी, इसे लेकर संगठन स्तर पर निर्णय होना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक