भोपाल के बड़े तालाब पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज, 14 कब्जे हटाए
भोपाल, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले बड़ा तालाब के किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई एक बार फिर तेज हो गई है। सोमवार को सूरजनगर गौरागांव क्षेत्र में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए 14 अवैध कब्जों को हटाया।
कार्रवाई के दौरान 7 पक्के मकान, 3 अस्थायी छप्पर और 4 दुकानों के बाहर बने टीन शेड को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया। इस अभियान में नगर निगम की टीम के साथ टीटी नगर एसडीएम वृत्त का अमला भी मौजूद रहा। प्रशासन के मुताबिक, बड़ा तालाब के फुल टैंक लेवल (एफटीएल) से 50 मीटर के दायरे में कुल 347 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। पहले चरण में करीब 50 कब्जे हटाए गए थे, लेकिन कुछ समय के लिए कार्रवाई रुक गई थी। अब इसे फिर से शुरू किया गया है।
पहले ही दिए गए थे नोटिस
एसडीएम कार्यालय द्वारा पूर्व में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें टीएस चौहान, गणेशीबाई, महेश विश्वकर्मा, प्रयागीलाल जाटव, सांई स्पोर्ट्स अथॉरिटी के पंप हाउस और लक्ष्मण मारण सहित अन्य शामिल हैं। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
झील संरक्षण पर प्रशासन सख्त
प्रशासन का कहना है कि बड़ा तालाब के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है। आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित अतिक्रमणों पर भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

