home page

भोपाल के चौथे रेलवे स्टेशन निशातपुरा का मंगलवार काे होगा शुभारंभ, मंत्री सारंग ने तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया

 | 
भोपाल के चौथे रेलवे स्टेशन निशातपुरा का मंगलवार काे होगा शुभारंभ, मंत्री सारंग ने तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया


मालवा और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का रहेगा ठहराव, भोपाल स्टेशन का घटेगा दबाव

भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को मंगलवार, 28 जुलाई से नया रेलवे स्टेशन मिलने जा रहा है। शहर के चौथे रेलवे स्टेशन निशातपुरा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। शाम 5 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर नियमित यात्री सेवाओं की शुरुआत करेंगे। प्रारंभिक चरण में निशातपुरा स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का ठहराव रहेगा।

शुभारंभ से पहले सोमवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने निशातपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, पार्किंग, एप्रोच रोड और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

तीन साल से तैयार था स्टेशन, अब शुरू होंगी यात्री सेवाएं

निशातपुरा रेलवे स्टेशन करीब तीन वर्ष पहले बनकर तैयार हो गया था। जून 2023 में स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद भी यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। अब सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद इसे नियमित यात्री सेवाओं के लिए खोला जा रहा है। यह स्टेशन नरेला विधानसभा क्षेत्र में विकसित किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आने वाले समय में यहां से अन्य ट्रेनों के संचालन और ठहराव की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

मालवा और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस अब निशातपुरा से मिलेंगी

भोपाल रेल मंडल के अनुसार, 28 जुलाई से मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि जिन लोगों ने इन ट्रेनों में 28 जुलाई या इसके बाद की यात्रा के लिए भोपाल स्टेशन से टिकट बुक कराया है, वे अब निशातपुरा स्टेशन से ही ट्रेन में सवार हों। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्टेशन परिवर्तन का विशेष ध्यान रखें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

भोपाल स्टेशन का कम होगा दबाव

रेलवे के अनुसार, निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कम होगा। वर्तमान में भोपाल स्टेशन से प्रतिदिन करीब 230 ट्रेनों की आवाजाही होती है और लगभग 45 हजार यात्री यहां से सफर करते हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने से ट्रेनों के संचालन में समय की बचत होगी। इंदौर-उज्जैन और बीना-गुना रेल मार्ग से आने वाली कुछ ट्रेनों को भोपाल स्टेशन लाने पर इंजन और दिशा परिवर्तन में काफी समय लगता था। नई व्यवस्था से परिचालन अधिक सुचारू हो सकेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है स्टेशन

निशातपुरा रेलवे स्टेशन को एनएसजी-3 श्रेणी के आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। यहां प्लेटफॉर्म, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे का मानना है कि यह स्टेशन भोपाल की बढ़ती यात्री जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा और भविष्य में राजधानी के रेल नेटवर्क को और मजबूत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे