home page

भोपाल में 12 घंटे पेड़ पर बैठा रहा युवक, रेस्क्यू के दौरान 25 फीट नीचे गिरा, गंभीर घायल

 | 
भोपाल में 12 घंटे पेड़ पर बैठा रहा युवक, रेस्क्यू के दौरान 25 फीट नीचे गिरा, गंभीर घायल


पुलिस और नगर निगम की टीम रातभर करती रही मशक्कत, पहचान और कारण की जांच जारी

भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित आरिफ नगर में गुरुवार देर रात शुरू हुआ एक हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन शुक्रवार दोपहर हादसे में बदल गया। करीब 12 घंटे तक एक युवक पेड़ पर बैठा रहा। पुलिस और नगर निगम की रेस्क्यू टीम उसे सुरक्षित नीचे उतारने का लगातार प्रयास करती रही, लेकिन अभियान के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 25 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 12 बजे युवक अचानक एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाइश देती रही, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। जो भी उसके करीब पहुंचने की कोशिश करता, वह हाथ में डंडा लेकर उसे दूर भगाने का प्रयास करता था। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। क्रेन की मदद से कई बार युवक तक पहुंचने की कोशिश की गई, लेकिन वह हर प्रयास को विफल करता रहा। शुक्रवार सुबह भी रेस्क्यू अभियान जारी रहा।

शाखा बदलते समय बिगड़ा संतुलन

रेस्क्यू के दौरान युवक पेड़ की एक शाखा से दूसरी शाखा पर जाने लगा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह करीब 25 फीट नीचे आ गिरा। मौके पर मौजूद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक उसकी गंभीर चोटों का उपचार कर रहे हैं।

नागपुर का होने की आशंका, परिजनों की तलाश

निशातपुरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि घायल युवक अपनी पहचान केवल सोनारे नाम से बता पा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह नागपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। सिर में गंभीर चोट होने के कारण उससे विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है। पुलिस उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक पेड़ पर क्यों चढ़ा था और वह भोपाल कैसे पहुंचा। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे