home page

भोपाल युवा कांग्रेस ने किया स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग

 | 
भोपाल युवा कांग्रेस ने किया स्वास्थ्य मंत्री के निवास का घेराव, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग


भोपाल, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निवास का घेराव करने का प्रयास किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बनी।

प्रदर्शनकारी पीसीसी कार्यालय से चार इमली की ओर रवाना हुए थे। पुलिस ने 5 नंबर बस स्टॉप के पास बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए।

डॉक्टर, दवाइयों और एंबुलेंस की कमी का आरोप

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाइयों की कमी है तथा मरीजों को एंबुलेंस जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। घनघोरिया ने रीवा में प्रसूता और नवजात की मौत सहित प्रदेश में सामने आए अन्य मामलों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री व्यवस्था को संभालने में सक्षम नहीं हैं तो उन्हें पद से इस्तीफा देना चाहिए।

सागर और रीवा के मामलों का भी उठाया मुद्दा

युवा कांग्रेस नेताओं ने सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों और रीवा में प्रसूता व नवजात की मौत के मामले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग मामलों में सामने आए मौतों के आंकड़ों को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

भोपाल जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंकित दुबे सहित अन्य नेताओं ने कहा कि आम लोगों को इलाज, दवाइयों और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं की कमियों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने की मांग की।

प्रदर्शन में राहुल मंडलोई, रोहित राजोरिया, मोहित सक्सेना, नरेंद्र यादव, लोकेन्द्र शर्मा, जयंत जोशी, अनिकेत द्विवेदी समेत युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे