home page

भोपाल: पांच दिन से लापता युवक का कुएं में मिला शव, परिजनों ने दर्ज नहीं कराई थी गुमशुदगी, पुलिस ने शुरू की जांच

 | 
भोपाल: पांच दिन से लापता युवक का कुएं में मिला शव, परिजनों ने दर्ज नहीं कराई थी गुमशुदगी, पुलिस ने शुरू की जांच


भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के सुखी सेवनिया इलाके में रविवार सुबह सुरभि कॉलेज के पास एक कुएं में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की मर्चुरी भेजा गया। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान 23 वर्षीय विशाल वंशकार पुत्र छोटेलाल वंशकार, निवासी सुखी सेवनिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले चार-पांच दिन से घर से लापता था। हालांकि, उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई थी। मृतक के बड़े भाई राजेश वंशकार ने पुलिस को बताया कि विशाल के दिमाग से संबंधित परेशानी का पिछले दो साल से इलाज चल रहा था। पिछले कुछ समय से उसकी स्थिति में परेशानी बढ़ गई थी। परिजनों के अनुसार, वह कई-कई दिनों तक बिना बताए घर से बाहर रहता था और फिर वापस लौट आता था। इसी वजह से इस बार भी उसके चार-पांच दिन तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई। परिजनों ने उसकी तलाश के लिए भी कोई प्रयास नहीं किया।

रविवार सुबह सुरभि कॉलेज के पास स्थित कुएं में युवक का शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। सुखी सेवनिया पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि वह कुएं तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। मामले में किसी तरह के संदेह या आरोप की जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे