भोपाल: यूजीसी के नए प्रावधानों के विरोध में सवर्ण समाज का प्रदर्शन, राजभवन तक पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा
भोपाल, 26 सितंबर (हि.स.)। यूजीसी के 2026 के नए प्रावधानों के विरोध में शनिवार को सवर्ण समाज ने भोपाल में प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने माता मंदिर स्थित प्लेटिनम प्लाजा से राजभवन तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने नए प्रावधान वापस लेने, आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने और एससी-एसटी एक्ट के मामलों में कार्रवाई से पहले जांच की मांग की।
सवर्ण समाज के कृष्णा बुंदेला ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस मुद्दे को लेकर छोटे स्तर पर कार्यक्रम किए जा रहे थे। शनिवार को भोपाल से आंदोलन को आगे बढ़ाने का औपचारिक आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन को दिल्ली तक ले जाने की शुरुआत है। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर समाज की ओर से दिल्ली कूच किया जाएगा। बुंदेला ने आरोप लगाया कि 2026 में लाए गए नए प्रावधानों से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से इन प्रावधानों पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज अपने बच्चों के अधिकारों को लेकर आंदोलन जारी रखेगा।
आरक्षण आर्थिक आधार पर करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण व्यवस्था को आर्थिक आधार से जोड़ने की मांग भी उठाई। इसके अलावा एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई से पहले जांच की व्यवस्था करने की मांग की गई। बुंदेला ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य सरकार तक समाज की मांगें पहुंचाना है और आगे इसे दिल्ली तक ले जाने की तैयारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

