home page

भोपाल में स्वतंत्रता दिवस की धूम, पहली बार निगम मुख्यालय में फहराया तिरंगा

 | 
भोपाल में स्वतंत्रता दिवस की धूम, पहली बार निगम मुख्यालय में फहराया तिरंगा


भोपाल में स्वतंत्रता दिवस की धूम, पहली बार निगम मुख्यालय में फहराया तिरंगा


सरकारी कार्यालयों से लेकर नगर निगम और जिला पंचायत तक हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम

भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति का माहौल नजर आया। राजधानी के सरकारी कार्यालयों, नगर निगम और जिला पंचायत सहित प्रमुख संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

संभागायुक्त कार्यालय में कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने राष्ट्रध्वज फहराया, जबकि कलेक्टोरेट में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

निगम मुख्यालय ‘अटल भवन’ में पहली बार फहराया तिरंगा

लिंक रोड नंबर-2 स्थित भोपाल नगर निगम के नए मुख्यालय ‘अटल भवन’ में स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार राष्ट्रध्वज फहराया गया। नगर निगम के प्रमुख कार्यालय कुछ महीने पहले ही इस भवन में शिफ्ट हुए हैं। इससे पहले निगम के आईएसबीटी और माता मंदिर स्थित कार्यालयों में स्वतंत्रता दिवस तथा गणतंत्र दिवस के मौके पर ध्वजारोहण होता था।

शनिवार को महापौर मालती राय ने निगम मुख्यालय ‘अटल भवन’ में राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और सभी ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया।

निगम की केंद्रीय कर्मशाला में अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने माता मंदिर स्थित निगम की केंद्रीय कर्मशाला में तिरंगा फहराया। यहां निगम के अधिकारी और कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। निगम के नए मुख्यालय में पहली बार ध्वजारोहण होने के साथ इस बार दोनों स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला पंचायत में भी फहराया तिरंगा

जिला पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष रामकुंवर गुर्जर ने सीईओ इला तिवारी की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर सहित संदीप कुमार श्रीवास्तव, दीपक गुर्जर, आकाश परमार और कमल चंदानी मौजूद रहे।

सांची संघ परिसर के शिव मंदिर में आकर्षक श्रृंगार

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांची दुग्ध संघ परिसर स्थित शिव मंदिर में भगवान का आकर्षक श्रृंगार भी किया गया। मंदिर में विशेष सजावट और श्रृंगार स्टाफ के कृष्णगोपाल सिंह ने किया। राष्ट्रीय पर्व के मौके पर शहर में धार्मिक और सामाजिक संस्थानों में भी विशेष आयोजन देखने को मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे