home page

भोपाल में सीलिंग के विरोध में सड़क पर उतरे व्यापारी, अवधपुरी में प्रदर्शन, दुकानें बंद कर निकाली रैली

 | 
भोपाल में सीलिंग के विरोध में सड़क पर उतरे व्यापारी, अवधपुरी में प्रदर्शन, दुकानें बंद कर निकाली रैली


भोपाल, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों और नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में शनिवार को व्यापारी सड़क पर उतर आए। अवधपुरी में व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर प्रदर्शन किया और बाजार में रैली निकाली। हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर व्यापारियों ने निगम की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।

अवधपुरी में सुबह करीब 11.30 बजे प्रदर्शन शुरू हुआ। व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर बाजार में एकत्र हुए और रैली के माध्यम से विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने सीलिंग की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए निगम से स्थिति स्पष्ट करने और कार्रवाई पर पुनर्विचार की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार के समय सीलिंग की कार्रवाई से कारोबार प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि निगम को कार्रवाई करने से पहले व्यावहारिक पहलुओं और व्यापारियों की समस्याओं पर भी विचार करना चाहिए। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को बाग सेवनिया में भी व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया था।

रहवासियों ने भी निगम की कार्रवाई पर उठाए सवाल

इधर, आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ याचिका लगाने वाले अरेरा कॉलोनी निवासी विवेक त्रिपाठी ने नगर निगम की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 1 अगस्त को निगम ने कार्रवाई का दावा किया था। कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने निगम के निर्देश पर बंद होने की सूचना भी लगाई थी, लेकिन अब उन्हीं स्थानों पर 'टू-लेट' के बोर्ड नजर आ रहे हैं और नए किराएदार तलाशे जा रहे हैं।

रहवासियों का आरोप है कि यदि कार्रवाई के बावजूद उन्हीं परिसरों में दोबारा व्यावसायिक गतिविधियों की तैयारी हो रही है तो इससे निगम की कार्रवाई की निगरानी और उसके प्रभाव पर सवाल खड़े होते हैं।

सीलिंग और ध्वस्तीकरण की मांग

रहवासियों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के 20 मई 2026 के निर्देशों के बाद नगर निगम ने आवासीय क्षेत्रों में अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों को चिन्हित करने की कार्रवाई की है। अब उनका सवाल है कि यदि अवैध निर्माण चिन्हित हो चुके हैं तो उन पर प्रभावी सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कब होगी। उनका कहना है कि केवल नोटिस, सर्वे और कागजी कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। रहवासियों ने मांग उठाई है कि चिन्हित अवैध निर्माणों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका नारा है—'नोटिस का खेल बंद करो, अवैध निर्माण सील करो।'

पार्किंग और ट्रैफिक का भी मुद्दा

रहवासियों के मुताबिक आवासीय भूखंडों पर संचालित बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से क्षेत्र में पार्किंग, यातायात, प्रदूषण और सार्वजनिक सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है। उनका कहना है कि व्यावसायिक गतिविधियों के कारण रहवासी इलाकों की शांति और सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में निगम को केवल नोटिस जारी करने के बजाय नियमों के अनुसार प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

शाम को निकलेगा टॉर्च मार्च

सीलिंग और आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों के विरोध में शनिवार शाम गुलमोहर स्थित सेवाएं मार्केट से टॉर्च लाइट मार्च निकाला जाएगा। संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति के बैनर तले प्रस्तावित मार्च गुलमोहर-त्रिलंगा क्षेत्र से होकर निकलेगा। रहवासियों ने बड़ी संख्या में लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे