home page

भोपाल में टैक्सी चालकों का अनोखा प्रदर्शन, कटोरा लेकर मांगी भीख, बोले- कमाई से ज्यादा खर्च

 | 
भोपाल में टैक्सी चालकों का अनोखा प्रदर्शन, कटोरा लेकर मांगी भीख, बोले- कमाई से ज्यादा खर्च


भोपाल, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं से जुड़े चालकों ने अपनी आर्थिक बदहाली के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। भोपाल टैक्सी चालक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में चालक बोर्ड ऑफिस चौराहे पर एकत्र हुए और फटे कपड़े पहनकर हाथों में कटोरा लेकर प्रतीकात्मक रूप से भीख मांगते नजर आए।

चालकों ने ओला, उबर और रैपिडो की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि कंपनियों की किराया व्यवस्था ने उन्हें आर्थिक संकट में धकेल दिया है।

प्रदर्शन के दौरान चालकों ने कहा कि लगातार घटते किराए और बढ़ती परिचालन लागत के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। एक चालक ने कहा कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि नए कपड़े खरीदना भी मुश्किल हो गया है। उनका कहना था कि कमाई लगातार घट रही है, जबकि ईंधन और वाहन रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ रहा है।

संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान में ड्राइवरों को औसतन नौ रुपये प्रति किलोमीटर तक ही किराया मिल रहा है, जबकि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी कीमतों के कारण वाहन संचालन की लागत 11 रुपये प्रति किलोमीटर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि अधिकांश चालक ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं जहां उन्हें परिवार का खर्च चलाने और वाहन की किस्त भरने के बीच चुनाव करना पड़ रहा है।

आरटीओ गाइडलाइन लागू करने की मांग

संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले ने आरोप लगाया कि कंपनियां परिवहन विभाग की निर्धारित किराया गाइडलाइन का पालन नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआती वर्षों में नियमों के अनुसार संचालन हुआ, लेकिन बाद में कंपनियों ने मनमाने तरीके से किराया निर्धारण शुरू कर दिया। इससे चालकों की आय पर प्रतिकूल असर पड़ा है और उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हुई है।

आश्वासन बहुत मिले, समाधान नहीं

प्रदर्शनकारी चालकों ने सरकार और प्रशासन पर भी अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को विभिन्न मंचों पर उठाते आ रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। चालकों के अनुसार अब तक उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

चक्का जाम की चेतावनी

संघ ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रमुख मांग सरकार द्वारा निर्धारित किराया दरों का सख्ती से पालन कराना और किराए में संशोधन करना है। चालकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो भोपाल में टैक्सी, कैब और ऑटो सेवाओं को बंद कर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे