home page

भोपाल में ट्रक की टक्कर से सुपरवाइजर की मौत, रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल जा रहे थे, ट्रक चालक फरार

 | 
भोपाल में ट्रक की टक्कर से सुपरवाइजर की मौत, रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल जा रहे थे, ट्रक चालक फरार


भोपाल, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक्टिवा सवार सुपरवाइजर की मौत हो गई। हादसे के बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद उनकी इकलौती बेटी कॉलेज से सीधे पोस्टमार्टम रूम पहुंची।

जानकारी के अनुसार 53 वर्षीय कुलदीप सक्सेना शिवानी होम्स में परिवार के साथ रहते थे और दीवानगंज स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वे रूटीन चेकअप के लिए एक्टिवा से भानपुर स्थित निजी अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान डी मार्ट और पीपुल्स अस्पताल के बीच पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुलदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर निशातपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

कुलदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उनकी इकलौती बेटी उस समय कॉलेज में थी। पिता के हादसे में घायल होने और फिर मौत की सूचना मिलने पर वह कॉलेज से सीधे अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम पहुंची। परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी वहां पहुंचे। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे