home page

भोपाल में टीचर के खिलाफ सड़क पर बैठे छात्र, पैसे मांगने और मारपीट के आरोप, डीईओ ने विभागीय जांच के आदेश दिए

 | 
भोपाल में टीचर के खिलाफ सड़क पर बैठे छात्र, पैसे मांगने और मारपीट के आरोप, डीईओ ने विभागीय जांच के आदेश दिए


भोपाल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के मिसरोद क्षेत्र में स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठ गए। विद्यार्थियों ने शिक्षिका बबीता कुशवाह पर फेल करने की धमकी देकर घर के काम कराने, प्रोजेक्ट के नाम पर पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए।

करीब चार घंटे चले प्रदर्शन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने शिक्षिका का बागरोदा हायर सेकेंडरी स्कूल में ट्रांसफर करने का आदेश जारी किया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराई गई।

छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मिसरोद थाना प्रभारी विमलेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्राचार्य के साथ मिलकर विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र शिक्षिका को स्कूल से हटाए जाने की मांग पर अड़े रहे। ट्रांसफर आदेश जारी होने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

छात्र बोले- पढ़ने आते हैं, कर्मचारियों की तरह काम करने नहीं

11वीं गणित और जीव विज्ञान के विद्यार्थियों ने 3 अक्टूबर को प्राचार्य को लिखित शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि यूपीएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं के दौरान उनसे बेंच लगाने, सफाई करने और रोल नंबर लिखने जैसे काम कराए जाते हैं। विद्यार्थियों का दावा है कि इसके लिए उन्हें रविवार को भी स्कूल बुलाया जाता है। छात्रों ने कहा कि वे स्कूल में पढ़ने आते हैं, कर्मचारियों की तरह काम करने नहीं।

प्रोजेक्ट के नाम पर 2500 रुपए मांगने का आरोप

विद्यार्थियों ने शिकायत में आरोप लगाया कि शिक्षिका हर महीने प्रोजेक्ट के नाम पर 2500 रुपए मांगती हैं। छात्रों के मुताबिक उनसे कहा जाता है कि जिसके पास पैसे हैं, वही साइंस स्ट्रीम में पढ़ाई करे। विद्यार्थियों का दावा है कि इस दबाव के कारण कुछ छात्रों ने विज्ञान विषय छोड़ दिया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षिका कक्षा में पढ़ाने के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहती हैं। कुछ छात्रों ने सीनियर विद्यार्थियों के साथ लोहे के पाइप से मारपीट किए जाने का दावा भी किया।

बातचीत का ऑडियो भी सुनाया

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षिका और एक छात्र के बीच कथित बातचीत का ऑडियो भी सुनाया। छात्रों का दावा है कि इसमें पास-फेल कराने, अभिभावकों से बातचीत और पैसे खर्च होने जैसी बातें हैं। हालांकि, ऑडियो में आवाज किसकी है और बातचीत का वास्तविक संदर्भ क्या है, इसकी स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिक्षिका बोलीं- आरोप गलत, बेहतर रिजल्ट के लिए सख्ती

शिक्षिका बबीता कुशवाह ने आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वे वर्ष 1999 से अध्यापन कर रही हैं और करीब 30 वर्ष का अनुभव है। अच्छे परिणाम के लिए विद्यार्थियों के साथ सख्ती की जाती है, लेकिन पैसे लेकर पास कराने या फेल करने का आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से घर या स्कूल में सफाई का काम नहीं कराया जाता। बैग साफ रखने के लिए कपड़ा रखने और प्रैक्टिकल के दौरान उपकरणों को व्यवस्थित व साफ करना पढ़ाई की प्रक्रिया का हिस्सा है।

डीईओ बोले- शिकायत के आधार पर जांच शुरू

जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य ने बताया कि विद्यार्थियों की शिकायत के आधार पर बबीता कुशवाह का बागरोदा हायर सेकेंडरी स्कूल में ट्रांसफर किया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल की स्थापना 1962 में हुई थी। स्कूल में 37 कर्मचारियों का स्टाफ है। शिक्षिका बबीता कुशवाह वर्ष 2010 से यहां अध्यापन कर रही थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे