जेल में बंद छात्र की मौत पर परिजनों का चक्काजाम, भोपाल-होशंगाबाद रोड पर सवा घंटे तक प्रदर्शन, जेलर पर कार्रवाई की मांग
भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर देखने को मिला। नाराज परिजनों और समाज के लोगों ने होशंगाबाद रोड पर बागसेवनिया थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी जेल अधीक्षक और जेलर के खिलाफ कार्रवाई करने तथा छात्र की मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब सवा घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और नर्मदापुरम रोड पर यातायात सामान्य हो सका। इसके बाद परिजन शव लेकर होशंगाबाद रोड से सुभाष नगर विश्राम गृह के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि इस अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी करेंगे।
हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी मौत
हर्षित की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वह करीब दो महीने से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था। परिजनों का आरोप है कि जेल में तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसे समय पर समुचित इलाज नहीं दिया गया। परिवार ने जेल के डॉक्टर पर इलाज के बदले पैसे मांगने का आरोप भी लगाया है। इससे पहले शुक्रवार रात परिजनों और समाज के लोगों ने पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास प्रदर्शन कर सड़क जाम किया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि शनिवार तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा चक्काजाम करेंगे। इसी के बाद शनिवार दोपहर करीब 12 बजे होशंगाबाद रोड पर प्रदर्शन किया गया।
भाई का आरोप- बिना एंबुलेंस के सौंपा शव
हर्षित के भाई आशीष चौहान ने आरोप लगाया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पुलिस ने बिना एंबुलेंस के शव परिजनों को सौंप दिया। उनका आरोप है कि पुलिस ने शव को सम्मानजनक तरीके से सौंपने के बजाय लापरवाही बरती। परिजनों ने जेल अधीक्षक और जेलर की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का यह भी कहना है कि हर्षित का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और उसे झूठे मामले में फंसाया गया था।
चाचा बोले- इलाज के लिए पैसे मांगने की बात बताई थी
हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने जेल की मेडिकल व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक, कुछ दिन पहले जब वे जेल में हर्षित से मिलने गए थे, तब उसकी हालत काफी खराब थी। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। इलाज के बारे में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांगते हैं। उसने यह भी कहा था कि अस्पताल ले जाने पर उसे ड्रामा करने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता था। चाचा का दावा है कि जेल में और परेशानी होने के डर से हर्षित इसकी शिकायत भी नहीं कर पाता था।
आवेदन देने के बावजूद इलाज नहीं मिलने का आरोप
हर्षित ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने उसे मारपीट और लूटपाट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। परिवार के मुताबिक, जेल जाने के बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी। परिजनों ने कई बार आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन आरोप है कि जेल प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, आवेदन दिए जाने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को हर्षित की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी। उनका दावा है कि हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। हालत बिगड़ने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।
वेंटिलेटर पर छात्र के पैरों में बेड़ियां होने पर सवाल
परिजनों ने अस्पताल में इलाज के दौरान हर्षित के पैरों में बेड़ियां लगाए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। सामने आए वीडियो में हर्षित वेंटिलेटर पर नजर आ रहा है और उसके पैरों में बेड़ियां दिखाई दे रही हैं। परिजनों ने सवाल किया है कि गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती छात्र के साथ इस तरह की व्यवस्था क्यों की गई थी। परिवार की मांग है कि हर्षित की मौत के पूरे घटनाक्रम, जेल में उपलब्ध कराए गए इलाज, अस्पताल में भर्ती कराने में हुई देरी और सुरक्षा व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

