home page

भोपाल में सफाईकर्मियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण, बीमा और ग्रेच्युटी समेत पांच प्रमुख मांगों को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे कर्मचारी

 | 
भोपाल में सफाईकर्मियों का प्रदर्शन, नियमितीकरण, बीमा और ग्रेच्युटी समेत पांच प्रमुख मांगों को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे कर्मचारी


भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। भोपाल नगर निगम के सफाईकर्मियों ने मंगलवार को कर्मचारी हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शहर में रैली निकाली और कलेक्टोरेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सफाईकर्मी हाथों में झाड़ू लेकर अपनी मांगों के समर्थन में शामिल हुए।

भारतीय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सोनू डागर के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता और दुर्घटना बीमा जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों की ओर से डिप्टी कलेक्टर लाखन सिंह को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कर्मचारियों ने रखीं पांच प्रमुख मांगें

* 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को नियमित किया जाए।

* 10 वर्ष से कम सेवा वाले कर्मचारियों का न्यूनतम मासिक वेतन 20 हजार रुपये निर्धारित किया जाए।

* समान कार्य के लिए समान वेतन का सिद्धांत लागू किया जाए।

* सभी कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और समय पर महंगाई भत्ते का लाभ दिया जाए।

* कार्य के दौरान दुर्घटना की स्थिति में बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा कर्मचारियों के लिए विशेष सहयोग कोष का गठन किया जाए।

लंबित मांगों का जल्द समाधान हो

संघ के जिलाध्यक्ष सोनू डागर ने कहा कि नगर निगम में वर्षों से कार्यरत सफाईकर्मी कठिन परिस्थितियों में शहर की सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं, इसलिए उन्हें उनके अधिकारों के अनुरूप सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मांगों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन मिला है और उम्मीद है कि जल्द ही कर्मचारियों के हित में निर्णय लिया जाएगा।

रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी शेरा वैद, संभाग अध्यक्ष रामसेवक पथरे, जिला कार्यकारी अध्यक्ष नितिन सेंगर, संगठन मंत्री धीरज कटारे, मोहसिन खान, कृपा शंकर कोटियाना, सचिन कंजेले, बसंत ढोलपुरे, तेजमल मालवीय, विनोद करोसिया, विनोद खटक सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी और संघ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे