home page

भोपाल में रातभर डेयरियों पर छापेमारी, 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

 | 
भोपाल में रातभर डेयरियों पर छापेमारी, 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई


भोपाल, 13 अगस्त (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए राजधानी भोपाल में बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के तक डेयरियों, खाद्य प्रतिष्ठानों और रिटेल आउटलेट्स पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 275 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई गई है। विभाग ने पनीर के नमूने लेकर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता और संरचना को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुधवार रात जैन डेयरी, कोलार का निरीक्षण किया। इसके बाद गुरुवार तड़के न्यू कृष्णा डेयरी, नादरा बस स्टैंड और नेशनल डेयरी समेत अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। सुबह करीब 4 बजे से टीम ने रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड और आईएसबीटी क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों और पनीर की बिक्री-आपूर्ति से जुड़े स्थानों का निरीक्षण किया।

गुणवत्ता पर संदेह, पनीर जब्त

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध पनीर के गुणवत्ता संबंधी मानकों और स्वरूप को लेकर अधिकारियों को संदेह हुआ। इसके बाद नियमानुसार करीब 275 किलो पनीर जब्त किया गया। विभाग ने मौके से विधिवत नमूने लिए और उन्हें प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, लैब रिपोर्ट आने से पहले जब्त पनीर को एनालॉग पनीर घोषित नहीं किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय होगा कि उत्पाद में निर्धारित मानकों के अनुरूप दूध के घटक हैं या किसी वैकल्पिक अथवा वनस्पति वसा आधारित सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।

रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

खाद्य विभाग के अनुसार, यदि प्रयोगशाला जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने शहर में पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की बिक्री एवं आपूर्ति पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का फोकस ऐसे उत्पादों की पहचान पर है, जिन्हें मानकों के विपरीत तैयार या बेचने की आशंका हो।

डी मार्ट रेडी से भी लिए पनीर और दुग्ध उत्पादों के नमूने

अभियान के तहत डेटा कॉलोनी स्थित डीमार्टरेड का भी निरीक्षण किया गया। टीम ने यहां पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लिए। साथ ही उत्पादों की लेबलिंग, पैकेजिंग, निर्माण संबंधी जानकारी, बिक्री और दस्तावेजों की जांच की गई। एनालॉग पनीर की बिक्री और आपूर्ति को लेकर बढ़ी निगरानी के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने ब्लिंकीट, डीमार्ट, फ्लीपकार्ट और रिलायांस माॅल जैसे ई-कॉमर्स और संगठित रिटेल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध पनीर व दुग्ध उत्पादों की भी निगरानी शुरू की है। विभाग यह जांच कर रहा है कि कहीं किसी वैकल्पिक या वनस्पति वसा आधारित उत्पाद को 'पनीर' के नाम से बेचकर उपभोक्ताओं को गुमराह तो नहीं किया जा रहा। अधिकारियों के अनुसार, जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे