भाेपाल के नरेला क्षेत्र में एक घर के पते पर 30–40 वोटर का आरोप, दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग को सौंपे सबूत
भोपाल, 09 मार्च (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने साेमवार को भाेपाल स्थित भारत निर्वाचन आयोग के मध्य प्रदेश कार्यालय पहुंचकर नरेला विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के दस्तावेज सौंपे और मामले की जांच की मांग की।
उन्होंने दावा किया कि नरेला क्षेत्र के कई मकानों के पते पर असामान्य रूप से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, जबकि वहां वास्तव में इतने लोग रहते ही नहीं। दिग्विजय सिंह ने आयोग को तीन मकान मालिकों के शपथपत्र भी सौंपे। इनमें कहा गया है कि जिन घरों में वास्तविक रूप से 6 से 8 लोग रहते हैं, वहां मतदाता सूची में 30 से 40 तक नाम दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि कई वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।
तीन मकानों के उदाहरण दिए
पूर्व मुख्यमंत्री ने रतन कॉलोनी के करोंद क्षेत्र के तीन मकानों का उदाहरण देते हुए गड़बड़ी का दावा किया।
मकान नंबर 21: मालिक हमीर सिंह यादव के अनुसार घर में केवल 4 मतदाता हैं, लेकिन सूची में करीब 40 नाम दर्ज बताए गए।
मकान नंबर 10: मालिक कमलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि घर में करीब 8 मतदाता रहते हैं, जबकि सूची में 36 नाम दर्ज हैं।
मकान नंबर 2: मालिक पोखन लाल साहू के मुताबिक उनके घर में 7 मतदाता हैं, लेकिन सूची में 37 नाम दर्ज बताए गए।
मकान मालिकों ने शपथपत्र में यह भी कहा कि जिन लोगों के नाम उनके पते पर दर्ज हैं, वे वहां कभी नहीं रहे और उन्हें उन व्यक्तियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
‘बिना सत्यापन जोड़े गए नाम’
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ने घर-घर जाकर सही तरीके से सत्यापन नहीं किया। इसी वजह से बड़ी संख्या में फर्जी नाम मतदाता सूची में शामिल हो गए।
आयोग से जांच की मांग
दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जी नामों को हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि आयोग ने शिकायत और दस्तावेज स्वीकार कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। इस दौरान उनके साथ शिकायतकर्ता रतन कुमार गुप्ता, पोखन लाल साहू और देव नारायण विश्वकर्मा सहित कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

