home page

भोपाल में 13 दिन बाद गड्ढे में मिला लापता कारोबारी का शव, परिजनों को रिश्तेदारों पर शक

 | 
भोपाल में 13 दिन बाद गड्ढे में मिला लापता कारोबारी का शव, परिजनों को रिश्तेदारों पर शक


भोपाल, 29 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गुनगा इलाके में बुधवार को 13 दिनों से लापता एक कारोबारी का शव पानी से भरे गड्ढे में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय देवेंद्र मेहरा के रूप में हुई है, जो लांबाखेड़ा इलाके में हर्ष ट्रांसपोर्ट के पीछे रहते थे और ललवानी प्रेस रोड स्थित कोतवाली क्षेत्र में लेडीज पर्स की दुकान चलाते थे। वे 17 अप्रैल की सुबह करीब 8:30 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि गुटखा लेकर लौट रहे हैं, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी ईंटखेड़ी थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में देवेंद्र की आखिरी लोकेशन धमर्रा बैरसिया रोड पर सामने आई, जो उनके ताऊ के खेत के पास की थी। बुधवार सुबह परिजन जब उसी खेत में तलाश करने पहुंचे, तो एक गड्ढे में उनका शव मिला। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिसकी पहचान कपड़ों, मोबाइल और चप्पलों के आधार पर की गई।

इस मामले में कॉल डिटेल्स अहम सुराग मिले हैं। देवेंद्र की आखिरी तीन कॉल उनके करीबी रिश्तेदारों एक महिला और ताऊ के बेटों के नंबर पर दर्ज हैं। परिजनों ने मनोज मेहरा (ताऊ का बेटा), कालूराम (रिश्ते का भाई) और मीराबाई (रिश्ते की भाभी) पर हत्या का शक जताया है। उनका कहना है कि कॉल रिकॉर्ड में इन लोगों से आखिरी बातचीत सामने आई है, लेकिन सभी ने इससे इनकार किया है। साथ ही, मौत की सूचना मिलने के बाद भी ये तीनों मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे संदेह और गहरा गया है।

मृतक के बड़े भाई नारायण मेहरा ने बताया कि जिस खेत में शव मिला है, वह उनके बड़े पिता का है और उसी परिवार के सदस्य मनोज से देवेंद्र की आखिरी बार बात होने की पुष्टि कॉल डिटेल से हो रही है। इसके बावजूद मनोज बातचीत से इनकार कर रहा है। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत