भोपाल में 27 क्विंटल मावा जब्त, खजूरी सड़क टोल प्लाजा पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिलावट की आशंका
भोपाल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। होली के त्योहार से पहले मिलावटखोरी पर शिकंजा कसते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। खजूरी सड़क स्थित टोल प्लाजा के पास एक वाहन से लगभग 27 क्विंटल मावा जब्त किया गया। प्रारंभिक जांच में मिलावट की आशंका जताई गई है।
शुक्रवार को टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान करीब 27 क्विंटल मावा और 45 किलो पनीर बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है। मावा और पनीर के पांच-पांच नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार को देखते हुए लगातार चल रही जांच
होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग शहर के होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और मिठाई दुकानों पर लगातार निरीक्षण कर रहा है। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके।
एक महीने में 234 सैंपल जांच के लिए भेजे
पिछले एक महीने में विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए नमकीन, मिठाई, पनीर, तेल, मैदा, बेसन समेत अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 234 नमूने लिए हैं। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

