भोपाल में मानस भवन बस्ती हटाने की कार्रवाई शुरू, पॉलिटेक्निक चौराहा छावनी में तब्दील, कांग्रेस का विरोध तेज
भोपाल, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित मानस भवन के पीछे करीब 70 साल पुरानी बस्ती को हटाने की कार्रवाई आज शनिवार से शुरू हो गई। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।
कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने देर रात धरना दिया। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी समेत कई नेता रहवासियों के समर्थन में बैठे। इस दौरान एक युवक विरोध जताते हुए टावर पर चढ़ गया, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। बस्ती के लोगों ने अनिश्चितता के माहौल के बीच अपने घरों में ताला लगाकर सामान की जिम्मेदारी पुलिस को सौंप दी है। प्रशासन ने यहां रह रहे 27 परिवारों को भौंरी, कलखेड़ा और मालीखेड़ी में पुनर्वासित करने की योजना बनाई है।
करीब सात दशक पुरानी इस बस्ती को हटाने के लिए प्रशासन ने 95 अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। वहीं, रहवासी देर रात तक धरने पर डटे रहे। नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस को पत्र लिखकर बताया कि आदिवासी मोहल्ले के लोग घर बंद कर चुके हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई है। प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी के चलते इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

