home page

भोपाल में एलपीजी संकट पर कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, दुकानदारों को बांटा कोयला, सरकार पर साधा निशाना

 | 
भोपाल में एलपीजी संकट पर कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, दुकानदारों को बांटा कोयला, सरकार पर साधा निशाना


भाेपाल, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडरों की कथित कमी को लेकर कांग्रेस ने अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झुमरवाला ने आज मंगलवार को बरखेड़ा पठानी चौराहे पर दुकानदारों और आम नागरिकों के बीच कोयले का वितरण कर गैस संकट की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

रविंद्र साहू ने कहा कि मध्य प्रदेश में रसोई गैस की गंभीर किल्लत के कारण छोटे होटल संचालक, चाय दुकानदार और आम परिवार सिलेंडर के लिए भटकने को मजबूर हैं। गैस उपलब्ध नहीं होने से लोगों को मजबूरन पुराने समय की तरह कोयला और लकड़ी का सहारा लेना पड़ रहा है। इसी सच्चाई को उजागर करने के लिए यह प्रतीकात्मक विरोध किया गया।

उन्होंने केंद्र सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारें इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह मौन हैं। “उज्ज्वला योजना” का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जब गैस कनेक्शन दिए गए, तो अब उसकी नियमित आपूर्ति क्यों सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।

साहू ने आरोप लगाया कि सरकार की अव्यवस्थित नीतियों के कारण आम जनता, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं मंत्री कृष्णा गौर से भी सवाल किया कि क्षेत्र में इतनी बड़ी समस्या होने के बावजूद वे चुप क्यों हैं।

कांग्रेस नेता ने मांग की कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति तत्काल सुचारू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी आम जनता और व्यापारियों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदार, कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। सभी ने गैस आपूर्ति की समस्या को लेकर नाराजगी जताई और सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे