home page

भोपाल में लोक भवन के सामने फूटी पाइपलाइन, 150 मीटर सड़क धंसी, जर्जर हिस्से से ही गुजरी विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी

 | 
भोपाल में लोक भवन के सामने फूटी पाइपलाइन, 150 मीटर सड़क धंसी, जर्जर हिस्से से ही गुजरी विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी


भोपाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार दोपहर लोक भवन (राजभवन) के सामने अचानक सड़क धंस गई। जिससे सड़क के नीचे से गुजर रही पानी की पाइपलाइन फटने से कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका पानी से लबालब हो गया और करीब 150 मीटर सड़क तालाब में तब्दील हो गई।

घटना करीब दोपहर डेढ़ बजे की बताई जा रही है। घाटी से बड़े तालाब तक जाने वाली बिना फिल्टर पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने के बाद तेज दबाव के कारण वह फट गई। तेज बहाव ने सड़क के नीचे की मिट्टी को कमजोर कर दिया, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। हालात ऐसे हो गए कि सड़क पर करीब एक फीट तक पानी भर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस वक्त सड़क धंसी, उस समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। यदि उस समय ट्रैफिक होता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। हैरानी की बात यह रही कि सड़क धंसने और पानी भरने के बावजूद ट्रैफिक को तुरंत डायवर्ट नहीं किया गया। इसी दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का काफिला भी इसी जर्जर हिस्से से गुजर गया। लगातार वाहन निकलते रहे, जिससे खतरा और बढ़ गया।

तेज पानी के बहाव ने सड़क किनारे का मलबा, पत्थर और गिट्टी बहाकर सड़क पर फैला दिया, जिससे रास्ता बेहद फिसलन भरा हो गया। कई दोपहिया वाहन चालक फिसल गए, जबकि कुछ लोग बाल-बाल बच गए।

प्रशासन मौके पर, मरम्मत शुरू

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू किया गया। सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे