भोपाल में 100 करोड़ की लागत से विकसित होगा श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर, मिलेगी नई सांस्कृतिक पहचान
भोपाल, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर को करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से भव्य श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। बुधवार को प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ कॉरिडोर की थ्री-डी डिजाइन का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि लगभग 21 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहा यह कॉरिडोर राजस्थान के व्हाइट मार्बल और प्राचीन नागर शैली की वास्तुकला के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ मंदिर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक गरिमा को संरक्षित रखना है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर के पुराने गर्भगृह की मूल संरचना एवं धार्मिक स्वरूप को पूरी तरह यथावत रखा जाए तथा परिसर का विस्तार इस प्रकार किया जाए कि मंदिर की प्राचीन पहचान अक्षुण्ण बनी रहे। उन्होंने निर्माण एजेंसियों से परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए विस्तृत ड्राइंग और चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो। कार्यों के क्रियान्वयन में न्यूनतम विस्थापन सुनिश्चित किया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं।
मंत्री सारंग ने बताया कि मंदिर परिसर में सुंदरकांड की झलक प्रस्तुत करने वाला भव्य कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव का अनूठा अवसर मिलेगा। परियोजना के अंतर्गत आधुनिक पार्किंग, चौड़ी सड़कें, दर्शक दीर्घा, सार्वजनिक आयोजनों के लिए अधोसंरचना, सुगम दर्शन व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। साथ ही दशहरा मैदान के खुले स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए वहां आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि श्री खेड़ापति हनुमान लोक कॉरिडोर केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आधुनिक विकास का समन्वय है। यह परियोजना विरासत भी और विकास भी की भावना को साकार करते हुए भोपाल की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगी तथा भविष्य में धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण पूर्ण होने के बाद यह कॉरिडोर राजधानी भोपाल की नई पहचान के रूप में स्थापित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

