home page

भोपाल के इतवारा में पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 200 जवानों ने 24 से ज्यादा घरों पर दी दबिश, गांजा समेत नशीले पदार्थ बरामद

 | 
भोपाल के इतवारा में पुलिस का मेगा ऑपरेशन, 200 जवानों ने 24 से ज्यादा घरों पर दी दबिश, गांजा समेत नशीले पदार्थ बरामद


भोपाल, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के संवेदनशील इतवारा इलाके में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया। 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान और 'मिशन ड्रग फ्री भोपाल' के तहत डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता के नेतृत्व में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने एक साथ कई टीमों में बंटकर क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।

घनी आबादी वाले इलाके में पुलिस ने 24 से अधिक संदिग्ध घरों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने कई स्थानों से गांजा समेत अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। कार्रवाई में एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि कितने लोगों की औपचारिक गिरफ्तारी हुई है और कुल कितनी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।

फर्श के नीचे बने तहखानों और कपड़ों में छिपाया था गांजा

प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ मकानों में फर्श के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने और कपड़ों के बीच छिपाकर रखा गया गांजा मिला। बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर उनकी मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नशीले पदार्थों की आपूर्ति किन स्रोतों से हो रही थी और इसके पीछे कितना बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।

आसपास के जिलों तक फैला हो सकता है नेटवर्क

पुलिस की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इतवारा क्षेत्र से भोपाल के विभिन्न हिस्सों के अलावा आसपास के जिलों तक भी गांजे की सप्लाई की जाती थी। अब जांच एजेंसियां सप्लाई चेन, तस्करों और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नशे के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

महिला पुलिस बल भी रहा तैनात

इलाके की संकरी गलियों और घनी आबादी को देखते हुए अभियान में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया। पुलिस ने अलग-अलग टीमों के जरिए एक साथ तलाशी अभियान चलाया, ताकि कार्रवाई प्रभावी होने के साथ कानून-व्यवस्था भी बनी रहे।

पुलिस बोली- कार्रवाई अभी जारी

एसीपी संतोष कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और भंडारण की सूचनाएं मिल रही थीं। इन्हीं इनपुट के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि तलाशी और जब्ती की कार्रवाई अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद मादक पदार्थों की मात्रा, गिरफ्तार आरोपियों और पूरे ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा की जाएगी। भोपाल पुलिस का कहना है कि 'मिशन ड्रग फ्री भोपाल' के तहत शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में आगे भी इसी तरह के सघन अभियान चलाए जाएंगे, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे