भोपाल में तेज रफ्तार इनोवा कार ने स्कूटी काे मारी टक्कर, पिता की मौत, 7 साल का बेटा गंभीर
भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार इनोवा ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता की माैत हाे गई, जबकि सात साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना अंकित परिसर के पास रात करीब 12 बजे हुई।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के मुताबिक, हादसे के वक्त 21 वर्षीय आरोपी चालक नशे में था। बताया जा रहा है कि उसने ब्रेक लगाने के बजाय गलती से एक्सेलरेटर दबा दिया, जिससे कार बेकाबू हो गई। हादसे के बाद इनोवा का स्पीडोमीटर 90 किमी/घंटे पर अटका मिला। बेकाबू इनोवा ने स्कूटी को टक्कर मारने से पहले सड़क पर मौजूद कई अन्य लोगों को भी चपेट में लिया। इसके बाद स्कूटी को इतनी जोरदार टक्कर लगी कि उसके परखच्चे उड़ गए। स्कूटी सवार 35 वर्षीय शुभम अवस्थी और उनका 7 साल का बेटा माधव उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल शुभम अवस्थी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपा जाएगा। वहीं, 7 वर्षीय माधव का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पार्टी में शामिल होने परिचित से मांगी थी कार
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक अपने एक परिचित से इनोवा मांगकर पार्टी में शामिल होने गया था। हादसे के बाद कार की तलाशी में एक खाली और एक भरी हुई शराब की बोतल, डिस्पोजल और आपत्तिजनक सामग्री मिली हैं। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे आरोपी चालक बच गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। आक्रोशित भीड़ ने इनोवा में भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

